ख़बर सुनें
विस्तार
फेज दो थाना क्षेत्र के सेक्टर-93बी स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी निवासी भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी का शुक्रवार को कुछ पौधे लगाने को लेकर महिलाओं से विवाद हो गया। महिलाओं ने भाजपा नेता पर पौधे लगाकर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया तो श्रीकांत ने एक महिला से अभद्रता करते हुए गालियां देकर धमका दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आरोपी नेता के खिलाफ पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोसाइटी की महिलाओं का आरोप है कि भाजपा नेता ने सत्ता की हनक दिखाते हुए पौधे लगाकर एक स्थान पर कब्जा करने का प्रयास किया। जब महिलाओं ने उन्हें रोका तो उन्होंने एक महिला से अभद्रता की और जमकर गालियां दीं। पति के बीच-बचाव करने पर उन्हें भी धमकी दी गई। इसके बाद सोसाइटी की अन्य महिलाओं ने विरोध जताना शुरू कर दिया। इसके बावजूद आरोपी ने महिला को धमकाते हुए कहा, ‘तुम पौधे टच करोगी तो मैं तुम्हें टच करूंगा।’ इसके बाद महिलाओं की नाराजगी और बढ़ गई।
वहीं, सोसाइटी के लोगों ने सभी पौधों को उखाड़ दिया। करीब चार घंटे तक सोसाइटी में विवाद चलता रहा। वहीं, घटना का वीडियो कुछ ही देर में वायरल हो गया। इसके बाद शहर के लोगों ने आरोपी के खिलाफ भड़ास निकालनी शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर लोगों ने तरह-तरह की टिप्पणियों से नाराजगी जताई।
भाजपा ने किया किनारा
वहीं दूसरी तरफ भाजपा ने श्रीकांत त्यागी को पार्टी का सदस्य मानने से इनकार कर दिया है। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि श्रीकांत त्यागी नाम का व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा का राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य नहीं है। किसान मोर्चा की कोई युवा समिति भी नहीं है। सरकार उसके विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करे जिसने महिला से अभद्रता की है।
श्रीकांत त्यागी नाम का व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा का राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य नहीं है। किसान मोर्चा की कोई युवा समिति भी नहीं है।
सरकार उसके विरुद्ध उचित कानूनी कार्यवाही करे जिसने महिला से अभद्रता की है।@JPNadda @blsanthosh @myogiadityanath @ANI @utkarshs88 https://t.co/3eS1U4Mc1o pic.twitter.com/qOUyiZbTNy
— MP Rajkumar chahar (@Rajkumarchahar9) August 5, 2022
महिला आयोग ने लिया संज्ञान
वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए दिल्ली महिला आयोग की चेयरमैन स्वाति मालीवाल ने भी नाराजगी जताते हुए नोएडा पुलिस से सख्त कार्रवाई करने की मांग की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी नेता के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया।