You might also like
ख़बर सुनें
ख़बर सुनें
फाइनल में जीत के बाद दीपक पूनिया
दीपक ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत धमाकेदार अंदाज की थी। पहले मैच में दीपक ने न्यूजीलैंड के मैथ्यू ओक्सेनहैम को तकनीकी दक्षता के आधार पर 10-0 से हराया था। यह मैच दीपक ने 3 मिनट 22 सेकेंड में जीता था।
इसके बाद दूसरे मैच यानी क्वार्टर फाइनल में दीपक ने सिएरा लियोने के शेखू कासेगबामा को भी तकनीकी दक्षता के आधार पर 10-0 से हराया। यह मैच दीपक ने 1 मिनट 33 सेकेंड में अपने नाम किया।
कुश्ती में 86 किलोग्राम भारवर्ग के सेमीफाइनल में कनाडा के अलेक्जेंडर मूर को पॉइंट्स के आधार पर 3-1 से हराया। यह मैच पूरे छह मिनट तक चला।
फाइनल में दीपक का सामना पाकिस्तान के मोहम्मद इनाम से था। इनाम ने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के एडवर्ड लेसिंग को 5-3 से हराया था। ऐसे में मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद थी। हालांकि, भारतीय पहलवान दीपक पूनिया के आगे पाकिस्तानी पहलवान की एक न चली। दीपक ने मैच 3-0 से पॉइंट्स के आधार पर जीत लिया।
दीपक पूनिया ने राष्ट्रमंडल खेलों (2022) में स्वर्ण के अलावा वर्ल्ड चैंपियनशिप 2019 में रजत पदक जीता था। वर्ल्ड जूनियर रेसलिंग चैंपियनशिप में उन्होंने 2018 में रजत और 2019 में स्वर्ण हासिल किया था। एशियन चैंपियनशिप में दीपक के नाम दो रजत और दो कांस्य हैं। टोक्यो ओलंपिक में दीपक कांस्य पदक से चूक गए थे। उन्हें आखिरी 30 सेकेंड में सैन मारिनो के माइल्स अमीने ने हरा दिया था।
बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में कुश्ती में भारत ने अब तक छह पदक जीत लिए हैं। दीपक के अलावा बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, अंशु मलिक को रजत और दिव्या काकरन-मोहित ग्रेवाल को कांस्य पदक हासिल हुआ।
अंशु का यह पहला राष्ट्रमंडल खेल है और उन्होंने रजत से शुरुआत की है। वहीं, दिव्या का यह राष्ट्रमंडल खेलों में दूसरा पदक है। इससे पहले 2018 गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में भी दिव्या ने कांस्य जीता था।
कुश्ती में छह पदकों के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 26 हो गई है। इनमें नौ स्वर्ण, आठ रजत और नौ कांस्य पदक शामिल हैं। भारत फिलहाल पदक तालिका में पांचवें स्थान पर है।
विस्तार
पहलवान दीपक पूनिया ने भारत को कुश्ती में चौथा स्वर्ण दिलाया है। उन्होंने 86 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में पाकिस्तान के मोहम्मद इनाम को 3-0 से हरा दिया। इस तरह दीपक ने स्वर्ण पर कब्जा जमाया। यह राष्ट्रमंडल खेलों में दीपक का पहला पदक है और उन्होंने सीधे स्वर्ण के साथ शुरुआत की है।
फाइनल में जीत के बाद दीपक पूनिया