09:24 AM, 05-Aug-2022
राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी थोड़ी देर बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसके बाद कांग्रेसी कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय से मार्च निकालेंगे।
09:17 AM, 05-Aug-2022
कांग्रेस के प्रदर्शन से यातायात जाम का अंदेशा
दिल्ली पुलिस ने एक परामर्श जारी कर कहा कि प्रदर्शन के मद्देनजर लुटियंस दिल्ली के कुछ हिस्सों में यातायात प्रभावित रहने की आशंका है। पुलिस ने इसके लिए विशेष व्यवस्था की है और प्रमुख सड़कों पर भीड़भाड़ वाले संभावित स्थानों के आधार पर मार्ग परिवर्तन का सुझाव दिया जाएगा।
09:03 AM, 05-Aug-2022
राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च करने की तैयारी
कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह 11 बजे राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च करेंगे। इससे पहले पुलिस अधिकारियों ने विजय चौक पर सुरक्षाकर्मियों को जानकारी दी।
08:59 AM, 05-Aug-2022
ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवायजरी
इसके अलावा सरदार पटेल मार्ग, शांति पथ, पंचशील मार्ग, तुगलक रोड, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, पृथ्वीराज रोड, शाहजहां रोड, जाकिर हुसैन मार्ग, मौलाना आजाद रोड, रफी मार्ग, जनपथ रोड, अशोक रोड, राजेंद्र प्रसाद रोड, मदर टेरेसा क्रेसेंट मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग व मथुरा रोड़ पर ट्रैफिक भारी रहने की संभावना है।
08:55 AM, 05-Aug-2022
कांग्रेस संसदीय दल की बैठक
आज संसद में हंगामे के आसार हैं। वहीं कांग्रेस सांसद आज सुबह 10 बजे संसद में कांग्रेस संसदीय दल (CPP) कार्यालय में बैठक करेंगे।
08:42 AM, 05-Aug-2022
कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय में जुटने लगे
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए लोगों को नई दिल्ली में कई मार्गों से बचने की सलाह दी है। बसों को बहुत पहले ही रोक दिया जाएगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के नई दिल्ली जिला डीसीपी आलाप पटेल ने बताया कि कांग्रेस व यूथ कांग्रेस ने शुक्रवार सुबह 10 बजे से प्रदर्शन करने की घोषणा की है। ऐसे में ट्रैफिक के सुचारू संचालन के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
08:26 AM, 05-Aug-2022
दिल्ली में पुलिस सतर्क
कांग्रेस मुख्यालय पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचने लगे हैं। इस बीच दिल्ली पुलिस ने कहा कि जंतर मंतर को छोड़कर नई दिल्ली के पूरे इलाके में सीआरपीसी की धारा 144 लागू है।
08:15 AM, 05-Aug-2022
Congress Protest Live: महंगाई-बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, दिल्ली में धारा 144 लागू
कांग्रेस नेता अल्का लांबा ने कहा है कि देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, जीएसटी बढ़ाने और सेना में ठेका प्रथा अग्निपथ योजना के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, सत्याग्रह तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार इस पर कोई राहत नहीं देती। पांच अगस्त को पूरे देश में इसके खिलाफ कांग्रेस प्रदर्शन करेगी।