न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हमीरपुर
Published by: शिखा पांडेय
Updated Sat, 11 Jun 2022 09:18 PM IST
ख़बर सुनें
विस्तार
हमीरपुर जिले के राठ-बिवांर मार्ग पर ममना व गहुली गांव के बीच तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में चालक की दबकर दर्दनाक मौत हो गई। वह ममना गांव बरात में आया था और वापस गांव जा रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद से ही परिजनों में कोहराम मचा है।
मिली जानकारी के अनुसार, ममना गांव के स्व.राम किशन की बेटी की शादी शुक्रवार को थी। बरात गोहांड क्षेत्र के रावतपुरा गांव से आई थी। बरात में टेकचंद अहिरवार (35) निवासी पथखुरी ट्रैक्टर ट्राली लेकर आया था। विदाई से पूर्व बरातियों से कहासुनी हो जाने के बाद वह अकेले ही ट्रैक्टर ट्राली लेकर वापस गांव जा रहा था। तभी राठ-बिवांर मार्ग पर ममना व गहुली गांव के बीच ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। चालक टेकचंद नीचे दब गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
राहगीरों ने इसकी सूचना डायल 112 टीम को दी। इसके बाद में ममना के ग्रामीणों ने ट्रैक्टर ट्राली बरात की होने की जानकारी दी। बता दें कि घटनास्थल पर पहुंचे बरातियों ने मृतक की पहचान की। थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों को सूचना भेजी गई है।